
देश के करोड़ों कर्मचारियों के लिए इस दिवाली खुशखबरी की सौगात मिल सकती है। क्योंकि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपने नए EPFO 3.0 इनिशिएटिव की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। साथ ही इस पहल का मकसद सदस्यों को बैंकिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना है,ताकि भविष्य निधि खाते से जुड़ें लेनदेन और भी आसान आधुनिक हो सके।
दिवाली से पहले आ सकता है बड़ा बदलाव
जानकारी के अनुसार, EPFO का केंद्रीय न्यासी बोर्ड अक्टूबर में होने वाली बैठक में इस पहल पर विचार कर सकता है। चर्चा है कि इस बार पेंशन में बढ़ोतरी से लेकर PF निकासी प्रक्रिया में बड़े बदलाव किए जा सकते हैं। अनुमान है कि दिवाली से पहले लगभग 8 करोड़ सदस्य इन घोषणाओं का लाभ उठा सकते हैं।
UPI और ATM से PF निकासी
अभी तक PF से आंशिक निकासी के लिए सदस्यों को NEFT या RTGS का उपयोग करना पड़ता है, जिसमें 2-3 दिन का समय लग सकता है। लेकिन EPFO 3.0 के तहत योजना बनाई जा रही है कि सदस्य अपने खाते से सीधे यूपीआई और एटीएम के जरिए आंशिक निकासी कर सकेंगे। इससे PF की धनराशि तक पहुंच आसान और तेज हो जाएगी।
पेंशन में इजाफे का प्रस्ताव
केंद्रीय न्यासी बोर्ड पेंशन को लेकर भी अहम निर्णय ले सकता है। फिलहाल न्यूनतम पेंशन 1,000 रुपये प्रति माह है, लेकिन इसे बढ़ाकर 1,500 से 2,500 रुपये प्रति माह करने पर विचार हो रहा है। यह फैसला लागू होने पर लाखों पेंशनधारकों को राहत मिलेगी, क्योंकि इसकी मांग लंबे समय से यूनियनों द्वारा उठाई जा रही है।
केंद्रीय न्यासी बोर्ड की भूमिका
EPFO की सर्वोच्च नीति निर्धारण इकाई सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टी है। इसमें कर्मचारियों और नियोक्ताओं के प्रतिनिधियों के साथ-साथ केंद्र और राज्य सरकारों के सदस्य भी शामिल होते हैं। यही बोर्ड अंतिम फैसले पर मुहर लगाता है। हालांकि, ट्रेड यूनियनों का कहना है कि आसानी से निकासी की सुविधा PF में बचत की मूल भावना को प्रभावित कर सकती है।
पहले से उपलब्ध है आंशिक निकासी
वर्तमान नियमों के अनुसार,PF सदस्य आपातकालीन परिस्थितियों जैसे शादी,शिक्षा बीमारी या घर बनाने के लिए आंशिक निकासी कर सकते हैं। हाल ही में शुरू की गई ऑटो-क्लेम सुविधा ने इस प्रक्रिया को और सरल बना दिया है,जिसमें तीन दिनों के भीतर राशि सीधे खाते में जमा हो जाती है।
सुधारों के पीछे मकसद
नए बदलावों का मुख्य उद्देश्य सब्सक्राइबर्स को तेज पारदर्शी और आधुनिक सेवाएं देना है। यूपीआई और एटीएम निकासी शुरू होने पर PF खाता धारकों को बैंकिंग नेटवर्क जैसा सहज अनुभव मिलेगा, वहीं पेंशन में वृद्धि के साथ सेवानिवृत्त सदस्यों की आर्थिक स्थिति में भी सुधार हो सकता है।